खींच मेरी फोेटो...Memories or Stories..
आजकल हर तरफ बस एक ही धुन सुनाई देती है — “तू खींच मेरी फोटो…”। जैसे किसी जगह जाना ही इसलिए है, ताकि वहां अपनी तस्वीर खींची जा सके।
अरे भई, ज़िंदगी जीने के लिए है, फोटो खींचने के लिए नहीं।
आजकल लोग इतनी ज्यादा फोटो खींचने मे लगे है जैसे अगले सौ जन्म तक उन्हें फोटो खींचने को नही मिलने वाला औऱ यही सारी फोटोज वो अपनी बाकी की लाइफ में देखने वाले हैं ।मतलब उन्हे खुद नही पता कि वो क्या कर रहे हैं.
अब देखिए, कहीं बाहर घूमने गए तो जैसे ही किसी टूरिस्ट स्पॉट पर पहुंचे, पहला काम? फोटो।
फिर एक नहीं, दो नहीं, पूरे 15-20 एंगल से।
औऱ फिर बैकग्राउंड में वो वॉटर फॉल दिख रहा है या नहीं? या फिर वो माउंटेन वैली एक प्रॉपर ऐंगल में कवर हो रही है या नहीं .. बाल हवा में उड़ रहे हैं या नहीं? चेहरा थोड़ा और ग्लो कर रहा है या फिल्टर लगाना पड़ेगा? वगैरह..वगैरह..
यानि कि हम ज़िंदगी को जीने की बजाय, उसे कैद करने में इतने व्यस्त हो गए हैं कि असल अनुभव कहीं पीछे छूट जाते हैं। हर लम्हा, हर जगह, हर चीज़ को तस्वीरों में समेटने की कोशिश में हम उस पल को महसूस करना भूल जाते हैं।

रेस्टोरेंट में खाना खाने नहीं, शूटिंग करने जाते हैं
आप कभी ध्यान दीजिए — जब किसी नए या खास कैफे या रेस्टोरेंट में जाते हैं, तो बैठते ही सबसे पहला काम क्या होता है?
“रुको रुको, खाना मत छुओ… पहले फोटो!”
खाना आने से पहले टेबल की फोटो, उसके बाद खाने की एंगल वाली फोटो। फिर उसके साथ अपनी सेल्फी।
कभी-कभी तो खाना ठंडा हो जाता है, लेकिन फोटो गर्मागर्म अपलोड हो जाती है।
सुकून के चार पल? अब वो मिलते कहां हैं?
कई बार बड़ी मुश्किल से ऑफिस और घर के काम से छुट्टी निकालते हैं, एक छोटा सा ट्रिप प्लान करते हैं — सिर्फ़ सुकून के लिए।
सोचते हैं, चलो थोड़ी सी शांति मिलेगी, कुछ अच्छे पल बिताएंगे।
लेकिन जैसे ही डेस्टिनेशन पर पहुंचते हैं, वहां एक के बाद एक दनादन फोटो सेशन शुरू।
पहले गाड़ी से उतरते हुए पिक, फिर होटल में कमरे की फोटो, फिर बालकनी से व्यू, फिर पूल के पास स्टोरी, फिर हर एक लोकेशन पर ‘candid pose’ में तस्वीरें।
सुकून के चार पल बिताने आए थे जहां वहां सुकून कहां, वहां तो चार पल के नाम पर 40 से लेकर 140 फोटोज कब क्लिक हो जाती हैं पता भी नही चलता।और वो सारा का सारा कीमती वक्त जो किसी खास मेमोरी के लिए निकाला गया था. वो कभी यादगार बन ही नही पाता
क्यूंकि हम तो किसी जगह की हवा, खुशबू, वहां की डिफरेंट फीलिंग और एक एनर्जी को महसूस करने के बजाय, बस पोज़ और एंगल सोचते रहते हैं।

“क्या सच में उस जगह पर थे?”
कभी-कभी लौटते वक़्त एहसास ही नहीं होता कि हम उस जगह वाकई गए भी थे या नहीं।
यादें बनती हैं वो जो हम महसूस करते हैं,
ना कि वो जो सिर्फ़ फोटो एलबम में कैद हो जाती हैं।
बहुत बार तो तस्वीरें देखकर याद आता है कि हाँ, यहां गए थे।
लेकिन क्या महसूस किया था? हवा कैसी लगी थी? उस वक्त मन कैसा था?
कुछ याद नहीं आता… क्योंकि पल जीने की बजाय, हमने उसे कैमरे में खोजा था।
हमारी यादों में वो इमोशन, वो एहसास वो “फीलिंग” ही नहीं रहती। सिर्फ तस्वीरें बचती हैं… और वो भी सैकड़ों, पता नहीं फिर इस भागम भाग भरी लाइफ में जिनमें से कुछ ही शायद कभी दोबारा से स्क्रॉल कर के देखी जाएं।
बचपन में जब कैमरा नहीं था
एक बार मां ने कहा था —
“तुम्हारे बचपन की बहुत कम फोटोज हैं हमारे पास, लेकिन तुम्हारी हर एक शरारत हमें याद है।”
अब सोचिए — उस वक़्त हर पल की तस्वीर नहीं थी, लेकिन हर पल याद था।
हर छोटे बड़े लाइफ के इवेंट किसी फोन के फ्लैश से नहीं गुजरे मगर वो हमारी यादों के फ्लैश बैक में हमेशा लाइव रहते हैं. और जब कभी हमारे पेरेंटस हमें हमारे बचपन की यादें कोई खास इंसीडेंट एक एक करके बताते चले जाते हैं तो ऐसा लगता है मानो वो लम्हा दोबारा से जी लिया हो। जैसे वो कल ही की तो बात थी। क्योंकि तब उस वक़्त लोग जीते थे, हर लम्हा महसूस करते थे। और अपने कैमरे में नहीं जिंदगी के उन खूबसूरत पलों को हमेशा के लिए अपने दिल में कैद कर लेते थे.

तो क्या फोटो खींचना गलत है?
बिलकुल नहीं।
तस्वीरें जरूरी हैं, यादों का हिस्सा हैं।
लेकिन जब हर चीज़ सिर्फ़ तस्वीरों के लिए होने लगे —
तो असल ज़िंदगी कहीं पीछे छूट जाती है।
हर एक तस्वीर ज़रूरी नहीं होती,
कुछ लम्हे बस आंखों में, दिल में बेहतर महफूज़ रहते हैं।
कुछ सवाल जो हम खुद से पूछ सकते हैं:
- क्या मुझे सच में इस पल को कैमरे में कैद करना है, या अपने दिल में?
- क्या मैं ये फोटो अपने लिए खींच रहा हूँ या दूसरों को दिखाने के लिए?
- क्या मैं वाकई उस जगह को जी रहा हूँ या बस दिखा रहा हूँ?
ज़िंदगी तस्वीरों के लिए नहीं, तजुर्बों के लिए है। ये जिंदगी कैमरे के पीछे नहीं उसके सामने है.
फोटो खींचना गलत नहीं है, लेकिन जब वो पूरी ज़िंदगी पर हावी हो जाए, तो असली पल खो जाते हैं।100 फोटो से बेहतर है 1 एहसास जो हमेशा साथ रहे। और हमेशा याद रखना कि ये पल दोबारा मिले न मिले … तो इसे जी लो, पोज़ मत दो।किसी पल को कैद करने से पहले, उसे महसूस करना सीखना होगा. हमें लाइफ की मेमोरीज बनानी है फोन का मेमोरी कॉर्ड नहीं भरना.

कभी-कभी कैमरा नीचे रख कर, आंखें खोल कर, दिल से महसूस करना ज़्यादा जरूरी होता है।
आखिर में…
कभी-कभी फोन नीचे रखिए।
आसमान को निहारिए।
हवा को महसूस कीजिए।
और जब कुछ बहुत खूबसूरत लगे,
तो एक बार आंख बंद करके उस लम्हे को दिल में कैद कर लीजिए।
क्योंकि कुछ पल यादों के लिए होते हैं, स्टोरी के लिए नहीं। इसलिए कभी कभी “रुकें, देखें और महसूस करें – फिर अगर जरूरी लगे तभी एक क्लिक करें ” क्यूंकि “ज़िंदगी की असली तस्वीरें, कैमरे से नहीं दिल से बनती हैं।”