New Normal
आजकल “नॉर्मल” लफ्ज बहुत छोटा लगता है, लेकिन हमारी पूरी जिंदगी इसी एक लफ्ज के इर्द-गिर्द घूमती है।
जो चीज़ बार-बार हमारे सामने आती है, जिसे लोग हर रोज़ करते हैं, जिसे हमारी सोसाइटी बिना सवाल किए एक्सेप्ट कर लेती है — हम उसे ही नॉर्मल मान लेते हैं।
लेकिन क्या कभी हमने रुककर खुद से पूछा है कि जो आज नॉर्मल कहलाता है, क्या वो सच में सही भी है ?
क्या हर वक्त टेंशन में रहना नॉर्मल है ?
क्या हर छोटी बात पर गुस्सा करना नॉर्मल है ?
क्या हर रिश्ते में कॉम्पिटिशन होना नॉर्मल है ?
क्या हर किसी को जज करना, क्रिटिसाइज़ करना और हमेशा खुद को दूसरों से बेहतर साबित करना नॉर्मल है ?
शायद आज की दुनिया कहेगी — “ हाँ, यही तो जिंदगी है। ”
लेकिन दिल कहीं न कहीं धीरे से पूछता है — “ क्या सच में ? ”
हम ऐसी दुनिया में जी रहे हैं जहाँ नेगेटिव चीज़ों को इतना आम बना दिया गया है कि कई बार गलत होते हुए भी अब वो हमें गलत नहीं लगतीं।
हर किसी के चेहरे पर मुस्कान कम और थकान ज्यादा दिखती है।
हर बातचीत में शिकायत है।
हर रिश्ते में एक बराबरी है।
हर इंसान अंदर से टूटा हुआ है, लेकिन बाहर से “ मैं ठीक हूँ ” का मास्क पहने घूम रहा है।
और सबसे अजीब बात ये है कि अब हमें यही सब नॉर्मल लगने लगा है।

अगर कोई खुद में शांत रहता है, तो लोग कहते हैं — “ इतना चुप क्यों रहता है ? ”
अगर कोई माफ कर देता है, तो लोग उसे कमजोर समझ लेते हैं।
अगर कोई बिना जलन के किसी की तारीफ कर दे, तो लोग हैरान हो जाते हैं।
अगर कोई मदद कर दे बिना किसी मतलब के, तो उसे बेवकूफ कहा जाता है।
यानी आज की डेट में अच्छाई एक एक्सेप्शन बन गई है… और नेगेटिविटी नॉर्मल।
लेकिन सोचिए…
अगर हम इस परिभाषा को बदल दें तो ?
अगर हम मान लें कि टेंशन नहीं, बल्कि सुकून नॉर्मल है।
अगर हम ये तय करें कि गुस्से से ज्यादा माफी ताकतवर होती है।
अगर हम कॉम्पिटिशन की जगह को-ऑपरेशन को चुनें।
अगर हम हर वक्त दूसरों की गलतियाँ निकालने के बजाय उन्हें समझने की कोशिश करें।
अगर हम क्रिटिसिज़्म की जगह वो धीमी सी शाबाशी दें जो किसी टूटे हुए इंसान को फिर से खड़ा कर दे।
तो क्या होगा ?
शायद शुरुआत में ये सब अजीब लगेगा।
क्योंकि हम बरसों से जिस माहौल में जी रहे हैं, वहाँ पॉजिटिव होना मतलब “ओवर” माना जाता है।
आज अगर कोई उम्मीद की बात करे तो लोग कहते हैं — “ बहुत फिलॉसफी झाड़ रहा है। ”
अगर कोई दिल से अच्छा बनने की कोशिश करे तो दुनिया उसे “ बहुत सीधा ” कह देती है।
लेकिन सच तो ये है कि इंसान की रूह नेगेटिविटी से नहीं, मोहब्बत से सुकून पाती है। हम सब अंदर से शांति चाहते हैं।
हम सब चाहते हैं कि कोई हमें बिना जज किए समझे।
हम सब चाहते हैं कि कोई हमारी छोटी कोशिशों की भी तारीफ करे।

हम सब चाहते हैं कि जिंदगी थोड़ी आसान लगे।
फिर हम खुद भी वही चीज़ें दूसरों को क्यों नहीं देते ?
क्योंकि शायद हमने मान लिया है कि दुनिया ऐसी ही है… और अब कुछ बदल नहीं सकता।
लेकिन हर बदलाव पहले एक सोच से शुरू होता है।
और शायद सबसे जरूरी बदलाव यही है कि हम सोसाइटी में जड़ जमा चुके इस “नॉर्मल” की डेफिनेशन बदलने की कोशिश तो करें।
सोचिए अगर बच्चों को बचपन से ये सिखाया जाए कि हारना बुरा नहीं, किसी को गिराकर जीतना बुरा है।
अगर उन्हें ये बताया जाए कि रोना कमजोरी नहीं, इंसानियत है।
अगर उन्हें ये महसूस कराया जाए कि किसी की मदद करना “ फेवर ” नहीं, एक खूबसूरत आदत है।
तो आने वाली दुनिया कितनी अलग हो सकती है।
आज सोशल मीडिया ने भी हमारी सोच को बहुत प्रभावित किया है।
हर जगह कम्पैरिजन ।
हर जगह दिखावा।
हर जगह “कौन बेहतर है” की दौड़।
लेकिन इस भीड़ में शायद सबसे बहादुर इंसान वो होगा… जो खुद को खोने के बजाय खुद को बचा ले।
जो नेगेटिविटी के बीच भी नरमी चुने।
जो दुनिया की कड़वाहट के बावजूद अपने लहजे में मिठास रखे।
जो बदले की जगह दुआ देना जानता हो।

असल में पॉजिटिविटी कोई मोटिवेशनल कोट नहीं है।
ये एक डिसीजन है।
हर दिन लिया जाने वाला डिसीजन।
और हाँ, ये आसान नहीं है।
बहुत मुश्किल है उस दुनिया में अच्छा बने रहना जहाँ लोग अच्छाई का फायदा उठाते हैं।
लेकिन फिर भी… अच्छाई छोड़ देना हल नहीं है।
क्योंकि अंधेरा कभी अंधेरे को खत्म नहीं कर सकता।
रोशनी ही कर सकती है।
शायद हमें पूरी दुनिया नहीं बदलनी।
शायद हमें सिर्फ अपने आसपास का माहौल बदलना है।
अपने घर की भाषा बदलनी है।
अपने रिश्तों का तरीका बदलना है।
अपने बच्चों की सोच बदलनी है।
अपने अंदर की आवाज़ बदलनी है।
और फिर धीरे-धीरे… यही “न्यू नॉर्मल” बन जाएगा।
एक ऐसा नॉर्मल जहाँ खामोशी सुकून देगी,
जहाँ माफी कमजोरी नहीं होगी,
जहाँ को-ऑपरेशन कॉम्पिटिशन से ज्यादा जरूरी होगा,
जहाँ लोग एक-दूसरे को तोड़ेंगे नहीं… संभालेंगे।
क्योंकि दुनिया जैसी आज है, वैसी हमेशा नहीं रहनी चाहिए।
और शायद बदलाव की शुरुआत सिर्फ एक सवाल से होती है —
“जो आज नॉर्मल है… क्या वो सच में नॉर्मल होना चाहिए?”

•ये नया दौर शायद तब शुरू होगा, जब लोग जीतने से ज्यादा समझने की कोशिश करेंगे। इसलिए अगर दुनिया बदलनी है, तो पहले ‘नॉर्मल’ बदलना होगा।जब इंसान हर चीज़ में कमी ढूंढना छोड़ देता है, तभी उसे जिंदगी खूबसूरत लगने लगती है।न्यू नॉर्मल शायद वही दिन होगा… जब लोग एक-दूसरे को जज नहीं, समझना शुरू करेंगे।