370 बिरयानी और Dating Culture
पिछले महीने एक कॉमेडी शो का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। वहां ऑडियंस में बैठे एक शख्स ने मज़ाक-मज़ाक में ऐसी बात कह दी, जिसने बहुत लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। बात सिर्फ़ ₹370 की चिकन बिरयानी की नहीं थी। असली मसला उस सोच का था, जिसमें किसी डेट पर खर्च किए गए पैसों के बदले लड़की से जिस्मानी नज़दीकी की उम्मीद रखना बिल्कुल कॉमन बात समझी जाती है।
सबसे ज़्यादा हैरानी इस बात की नहीं थी कि किसी एक आदमी ने ऐसा कहा। परेशान करने वाली बात यह थी कि उस बात पर कई लोग हंस पड़े। किसी ने सवाल नहीं उठाया। किसी ने यह नहीं कहा कि भाई, किसी को खाना खिलाना और किसी की बॉडी पर हक़ मांगना, दोनों बिल्कुल अलग बातें हैं। जब गलत सोच मज़ाक बनकर सामने आती है और लोग उस पर ताली बजाते हैं, और वह धीरे-धीरे सोसाइटी की आम सोच बन जाती है।
यही सवाल हमें खुद से पूछना चाहिए कि क्या किसी औरत की रज़ामंदी की भी कोई कीमत तय की जा सकती है? क्या ₹370 की बिरयानी, ₹2000 का डिनर, महंगे गिफ्ट या मूवी की टिकट्स किसी इंसान की “हाँ” खरीद सकते हैं?
जवाब बिल्कुल साफ़ है—नहीं।
लेकिन अफ़सोस की बात यह है कि आज के डेटिंग कल्चर में यह सोच सिर्फ़ हमारे इंडिया तक रूकी हुई नहीं है। वेस्टर्न कंट्री यू.एस.ए और कनाडा में भी अक्सर ऐसी बातें सुनने को मिलती हैं। वहां भी कुछ लोग कहते हैं कि अगर उन्होंने $200 या $ 300 किसी डेट पर खर्च किया है, तो बदले में उन्हें कुछ “मिलना” चाहिए। रकम बदल जाती है, शहर बदल जाते हैं, लेकिन लोगों की मेंटलिटी वही रहती है।
यहां प्रॉब्लम पैसे की नहीं, नीयत की है।
अगर कोई इंसान खुशी से, बिना किसी उम्मीद के दूसरे को ट्रीट देता है, तो वह एक खूबसूरत एहसास है। लेकिन अगर वही खर्च बाद में हिसाब बन जाए — “मैंने इतना किया, अब तुम्हारी बारी है “— तो रिश्ता नहीं, सौदा शुरू हो जाता है।
रिश्ते कभी भी लेन-देन की दुकान नहीं होते।
आज भी बहुत-सी लड़कियां डेट पर जाते समय कशमकश में रहती हैं। अगर लड़का बिल भर दे, तो कई बार मन में डर बैठ जाता है कि कहीं वह बाद में इसे एहसान बनाकर पेश न करे। अगर लड़की कहे कि बिल आधा-आधा करते हैं, तो कुछ लोग उसे “बहुत मॉडर्न”, “एटीट्यूड वाली”, “फेमिनिस्ट”, या “ईगो वाली” कहने लगते हैं।
यानि लड़की जो भी करे, सवाल उसी पर उठते हैं।
अगर वह पैसे न दे, तो कहा जाता है कि वह लड़कों का इस्तेमाल करती है। अगर पैसे देने की बात करे, तो कहा जाता है कि उसे किसी की ज़रूरत नहीं, उसमें बहुत घमंड है।
असल में बहस इस बात की नहीं होनी चाहिए कि बिल कौन देगा। सवाल यह होना चाहिए कि कोई बिल किस नीयत से दिया जा रहा है।

अगर किसी के मन में पहले से यह हिसाब चल रहा है कि ” मैंने इतना इन्वेस्ट किया है, अब मुझे कुछ तो मिलना चाहिए”, तो वही सोच सबसे ज़्यादा खतरनाक है। यानि दो लोगों के बीच की एक कॉमन मीटिंग भी इनवेस्टमेंट के तौर पर देखी जाने लगती है।
यहीं से हक़ जताने की शुरुआत होती है।
यह हक़ हमेशा ज़बरदस्ती के रूप में सामने नहीं आता। कई बार इसकी शक्ल बेहद नॉरमल होती है।
“मैंने तुम्हें इतना टाइम दिया।”
“मैं रोज़ तुमसे बात करता था।”
“मैंने तुम्हें गिफ्ट दिए।”
“मैंने तुम्हारे लिए इतना खर्च किया।”
“तुमने मुझे उम्मीद दी थी।”
इन सभी बातों में एक ही फीलिंग छिपी होती है — मैंने मेहनत की है, इसलिए अब तुम पर मेरा कुछ हक है।
लेकिन इंसानी रिश्तों में मेहनत, खर्च या समय किसी की रज़ामंदी की गारंटी नहीं बन सकते।
किसी से प्यार करना, किसी के लिए टाइम निकालना या किसी पर पैसे खर्च करना आपकी अपनी पसंद हो सकती है। लेकिन सामने वाला व्यक्ति हर पल अपनी मर्ज़ी से फैसला लेने का राइट रखता है।
“ना” का मतलब हर सिचुएशन में “ना” ही होता है।
हमारी इंडियन सोसाइटी में लड़कियों की परवरिश अक्सर इस तरह की जाती है कि उन्हें हर हाल में कॉम्प्रोमाइज करना सिखाया जाता है। बचपन से कहा जाता है कि ज़्यादा बहस मत करो, सामने वाले की बात मान लो, किसी का दिल मत दुखाओ, लड़कों के ईगो का ख़याल रखो, हमेशा नॉरमल रहो।
धीरे-धीरे यही बातें उनकी आदत बन जाती हैं।

कई लड़कियां डेट पर सिर्फ़ इसलिए मुस्कुराती रहती हैं क्योंकि उन्हें डर होता है कि अगर उन्होंने साफ़ मना कर दिया, तो सामने वाला नाराज़ हो जाएगा। कई बार वे बातचीत जारी रखती हैं, जबकि उनका मन नहीं होता। कई बार वे सिर्फ़ इसलिए “नहीं” नहीं कह पातीं क्योंकि समाज ने उन्हें दूसरों की फीलिंग को अपनी कम्फर्ट से ऊपर रखना सिखाया है।
यहीं पर रजामंदी यानि consent का मामला उलझ जाता है।
कई मर्द यह समझ ही नहीं पाते कि सामने वाली लड़की सिर्फ़ Humble हो रही है, इसका मतलब यह नहीं कि वह हर बात के लिए तैयार है।
किसी डेट पर जाना, किसी के साथ घंटों बातें करना, साथ में खाना खाना, हाथ पकड़ लेना या पहले कभी रिश्ते में रहना—इनमें से कोई भी बात फ्यूचर की हर चीज़ के लिए परमनेंट परमिशन नहीं बन जाती।
हर बार consent नया होता है।
हर पल इंसान अपनी मर्ज़ी बदल सकता है।
और यह हक सिर्फ़ औरतों का नहीं, मर्दों का भी है।
अगर कोई मर्द किसी रिश्ते में आगे नहीं बढ़ना चाहता, तो उसकी “ना” भी उतनी ही जरूरी है। रेस्पेक्ट का रूल दोनों तरफ़ बराबर लागू होता है।
आज की जेनरेशन में एक अच्छी बात यह भी देखने को मिल रही है कि बहुत-सी फीमेल्स अब अपनी Borderline तय करना सीख रही हैं। वे साफ़ लफ्जों में कह देती हैं कि उन्हें क्या मंजूर है और क्या नहीं।
लेकिन तकलीफ की बात यह है कि कई लोग इसे सेल्फ – रेस्पेक्ट नहीं, बल्कि घमंड समझ लेते हैं।
किसी महिला का अपनी लिमिट तय करना ईगो नहीं है।
किसी पुरुष का अपनी सीमा तय करना भी ईगो नहीं है।
यह दोनों का बुनियादी हक है।

हमें यह भी समझना होगा कि हमारी इंडियन फिल्मों, टीवी सीरियलों औऱ सबसे बढकर सोसाइटी के पैट्रियॉर्की सिस्टम ने भी इस सोच को कई सालों तक मज़बूत किया है। अक्सर हीरो बार-बार लड़की का पीछा करता है, लड़की मना करती रहती है, लेकिन आखिर में मान जाती है। कई कहानियों में “ना” को सिर्फ़ “थोड़ा और कोशिश करो” की तरह दिखाया गया है।
असल ज़िंदगी फिल्मों जैसी नहीं होती।
असल ज़िंदगी में “ना” का मतलब “ना” ही होता है।
और “हाँ” सिर्फ़ तभी मानी जाती है, जब वह बिना किसी दबाव, डर, एहसान या मजबूरी के कही जाए।
हमें अपने बेटों को भी यह सिखाने की ज़रूरत है कि अच्छा बिहेवियर कोई इनवेस्टमेंट नहीं होता। किसी का रेस्पेक्ट करना इसलिए नहीं कि बदले में कुछ मिलेगा, बल्कि इसलिए कि हर इंसान रेस्पेक्ट का हक़दार है।
इसी तरह बेटियों को भी यह भरोसा देना होगा कि अगर उनका मन नहीं है, तो उन्हें किसी भी बात के लिए मजबूर महसूस करने की ज़रूरत नहीं। चाहे सामने वाले ने कितना भी खर्च किया हो, कितना भी टाइम क्यूं न दिया हो या कितने भी वादे किए हों।
रिश्ते बराबरी पर टिकते हैं, हिसाब-किताब पर नहीं।
अगर कोई सिर्फ़ इस उम्मीद से किसी पर पैसे खर्च कर रहा है कि बदले में उसे फिजिकल नजदीकी मिलेगी, तो वह रिश्ता नहीं बना रहा, बल्कि एक सौदे की मेंटलिटी को माइंड में लेकर चल रहा है।
और इंसान कभी भी कोई सामान नहीं होता जिसे खरीदा या बेचा जा सके।
₹370 की बिरयानी हो या ₹5,000 का डिनर, सस्ता गिफ्ट हो या महंगा तोहफ़ा—इनमें से कोई भी चीज़ किसी की रज़ामंदी नहीं खरीद सकती।
रज़ामंदी दिल से आती है, पॉकेट से नहीं।
शायद अब वक्त आ गया है कि हम अपने बच्चों, दोस्तों और सोसाइटी से यह एक आसान-सी बात बार-बार कहें—डेट पर बिल भरना आपकी पसंद हो सकती है, लेकिन किसी इंसान के जिस्म , उसकी फीलिंग या उसके फैसलों पर आपका कोई अधिकार नहीं बनता।
इज़्ज़त, मोहब्बत और भरोसा कभी पैसों से नहीं खरीदे जा सकते।
और याद रखिए, चाहे इंडिया में ₹370 की बिरयानी हो या अमेरिका में $250 का डिनर—इंसान की Dignity की कोई कीमत नहीं होती। किसी भी रिश्ते की सबसे बड़ी बुनियाद बराबरी, सम्मान और साफ़ रज़ामंदी है। यही वह सोच है जो Healthy Relationship बनाती है और सोसाइटी को भी बेहतर डॉयरेक्शन देती है।