Raja Beta syndrome
राजा बेटा सिंड्रोम.. एक मां का blind love कि मेरा बेटा तो बिल्कुल सीधा है, नादान है मासूम है और हमेशा सही
“मेरा बेटा ऐसा नहीं कर सकता…”
“उसने जरूर किसी के बहकावे में आकर किया होगा…”
“बहू को ही थोड़ा Adjust करना चाहिए…”
“बेटा है, आखिर उससे घर के काम कैसे करवाएं?”
हमारी सोसाइटी में ऐसी बातें इतनी आम हैं कि कई बार हमें इनके पीछे छिपी सोच दिखाई ही नहीं देती। बेटों को प्यार करना, उनकी फिक्र करना या उनके लिए परेशान होना बिल्कुल जायज है। लेकिन जब यही प्यार हर गलती पर पर्दा डालने लगे, हर जिम्मेदारी से बचाने लगे और बेटे को यह महसूस कराने लगे कि वह हमेशा सही है, तब मामला सिर्फ मां के प्यार का नहीं रह जाता।इसी सोच को आम बोलचाल में “राजा बेटा सिंड्रोम” कहा जाता है।
यह किसी मेडिकल डिसऑर्डर का नाम नहीं, बल्कि एक सोशल और पारिवारिक बिहेवियर को समझाने वाला शब्द है। इसमें बेटा घर का ऐसा “राजा” बन जाता है जिसकी गलतियों को भी प्यार के नाम पर नजरअंदाज किया जाता है और जिसकी कम्फर्ट के लिए घर की महिलाओं से लगातार सैक्रीफाइस और समझौते की उम्मीद की जाती है।

लाड़–प्यार बुरा नहीं, लेकिन अंधा लाड़ रिश्तों के लिए भारी पड़ सकता है।
बेटे को बचपन से यह सिखाया जाए कि वह खास है, तो इसमें कोई बुराई नहीं। हर बच्चा अपने घर के लिए खास होता है। प्रॉब्लम तब शुरू होती है जब बेटी से कहा जाए कि “तुम्हें समझदार बनना है”, जबकि बेटे से कहा जाए कि “तुम तो लड़के हो, तुम्हें क्या जरूरत है इन सबकी?”
बेटी से कहा जाता है—“ससुराल में एडजस्ट करना।”बेटे से कहा जाता है—“बहू को समझाना।”
बेटी की गलती पर घर में चर्चा होती है।बेटे की गलती पर अक्सर बहाना खोज लिया जाता है। यहीं से एक ऐसी परवरिश शुरू होती है जिसमें लड़का बड़ा तो हो जाता है, लेकिन जिम्मेदारी और बराबरी की समझ में पीछे रह जाता है।
राजा बेटा सिंड्रोम : बहू को बेटे की Caretaker समझना
शादी के बाद एक अजीब उम्मीद कई परिवारों में दिखाई देती है—अब बहू हमारे बेटे का ख्याल रखेगी।उसके खाने का ध्यान रखेगी।उसके कपड़े देखेगी।
उसकी पसंद-नापसंद समझेगी।वह टाइम पर खाना खा रहा है या नहीं, यह देखेगी।
उसके मूड का ख्याल रखेगी।लेकिन सवाल यह है कि क्या पत्नी का काम सिर्फ पति की देखभाल करना है?
शादी कोई ऐसा कॉन्ट्रैक्ट नहीं जिसमें एक इंसान “ सर्विस लेने” और दूसरा “ सर्व करने” के लिए आता है। यह साझेदारी है।अगर बहू ऑफिस से थकी हुई घर लौटती है, तो यह पूछना भी जरूरी है कि “तुम कैसी हो?” अगर बेटा ऑफिस से थका हुआ लौटता है, तो उसकी थकान भी समझी जानी चाहिए।

रिश्ते में दोनों इंसान हैं, एक मालिक और दूसरा Caretaker नहीं।
बेटे की हर गलती के पीछे कोई बहाना तैयार होना
“वो दिल का बहुत अच्छा है।”“उसका मतलब वो नहीं था।”
“दोस्तों के साथ था, इसलिए हो गया।”“लड़कों से ऐसी गलतियां हो जाती हैं।”
“तुमने भी तो उसे गुस्सा दिलाया होगा।”
ये बातें सुनने में छोटी लग सकती हैं, लेकिन जब इन्हें बार-बार इस्तेमाल किया जाता है, तो ये बेटे को अपनी गलती मानने से दूर कर सकते हैं।
अगर वह पत्नी से मिसबिहेव करता है, तो पत्नी को दोष देने के बजाय बेटे के बिहेवियर पर सवाल होना चाहिए।अगर वह घर की जिम्मेदारियों से भागता है, तो “लड़के ऐसे ही होते हैं” कहकर बात खत्म नहीं होनी चाहिए।
मां का प्यार बेटे को बचाए, लेकिन उसकी गलतियों से नहीं—गलत रास्ते से।
क्योंकि जिस बच्चे को बचपन से हर गलती पर बचा लिया जाता है, वह बड़ा होकर यह मान सकता है कि गलती करने पर भी कोई न कोई उसे बचा ही लेगा।
“बेटा किचन का काम कैसे करेगा?”
हमारे घरों में kitchen और cooking को लेकर gender roles आज भी बहुत मजबूत हैं।लड़की बचपन से सीखती है—आटा कैसे गूंधना है, सब्जी कैसे काटनी है, दाल कैसे बनानी है, घर कैसे संभालना है।और लड़के से कई बार कहा जाता है—“तुम रहने दो, तुम्हें नहीं आता।” लेकिन सवाल है—उसे आता क्यों नहीं? क्योंकि उसे सिखाया ही नहीं गया। कई मांएं बेटे को kitchen में आने से रोकती हैं और बाद में शादी के बाद बहू से उम्मीद करती हैं कि वह बेटे की हर जरूरत समझे।
कभी सोचा है, अगर बेटा अपनी चाय खुद बना ले, खाना गर्म कर ले, कपड़े धो ले और घर साफ कर ले, तो उसका मेल ईगो कम हो जाएगा? बिल्कुल नहीं।
घर का काम किसी एक जेंडर की ड्यूटी नहीं, लाइफ की बेसिक स्किल है।
यह भी पढ़ें। Homemakers : Good for Nothing ; 24 / 7 करती क्या हो तुम ? एक चुभता हुआ सवाल, जो हर होममेकर से जवाब मांगता है
जिस तरह बेटी को पढ़ाई, नौकरी और इंडिपेंडेंस सिखाई जाती है, उसी तरह बेटे को भी खाना बनाना, सफाई करना, कपड़े संभालना और घर की जिम्मेदारी उठाना सिखाना जरूरी है।क्योंकि कल को उसकी शादी होगी तो उसकी पत्नी उसके लिए “होम सर्विस” देने नहीं आएगी। बहू पत्नी है, घरेलू स्टाफ नहीं।

बेटे की जिम्मेदारी भी किसी लड़की के सिर डाल देना
हमारी सोसाइटी में अक्सर किसी पुरुष के बिहेवियर के लिए भी महिला को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की जाती है।
पति गलत फैसला लेता है—“पत्नी ने उसे नहीं रोका।”
बेटा गलत संगत में पड़ता है—“उसकी पत्नी उसे संभाल नहीं पाई।”
पति गुस्सा करता है—“पत्नी ने उसे परेशान किया होगा।”
बेटा अपनी जिंदगी में गलत फैसला लेता है—“बहू ने उसे बदल दिया।”
यह सोच एक बुनियादी बात भूल जाती है—
हर बालिग इंसान अपने फैसलों के लिए खुद जिम्मेदार होता है।
पति-पत्नी एक-दूसरे को सलाह दे सकते हैं, समझा सकते हैं और मुश्किल समय में साथ दे सकते हैं। लेकिन एक अडल्ट पर्सन की हर पसंद और हर गलती की जिम्मेदारी उसकी पत्नी पर डाल देना बराबरी के रिश्ते की निशानी नहीं है।इसी सोच का एक और चेहरा तब दिखाई देता है जब किसी पुरुष के व्यवहार को देखकर सवाल किया जाता है—“उसकी पत्नी ने क्या किया?” लेकिन सवाल यह भी होना चाहिए—“उसने खुद क्या किया?” महिलाओं को पुरुषों की चौकीदार बना देना बंद करना होगा।
पत्नी साथी है, पति की पर्सनल पुलिस नहीं।
बेटी को “ रिस्पॉसिबल ” और बेटे को “राजा” क्यों?
हमारी परवरिश का सबसे बड़ा विरोधाभास शायद यही है।
बेटी के पैदा होते ही उसके फ्यूचर की जिम्मेदारियों की बातें शुरू हो जाती हैं।
“थोड़ा समझौता करना पड़ता है।” “रिश्ते निभाने पड़ते हैं।”
लेकिन बेटे से अक्सर कहा जाता है—
“तुम बस अपना करियर बनाओ।” “तुम्हें किस चीज की टेंशन?”“मां है न!”
फिर वही बेटा शादी करता है और पूरी फैमिली उम्मीद करने लगती है कि पत्नी उसकी जिंदगी को उसी तरह संभाले जैसे उसकी मां संभालती थी।
लेकिन पत्नी उसकी मां नहीं है।

और यह फर्क जितनी जल्दी परिवार समझ ले, उतना ही बेहतर है।
बेटों को राजा नहीं, जिम्मेदार इंसान बनाइए
हर मां अपने बच्चे के लिए दुनिया की सबसे अच्छी चीज चाहती है। लेकिन बच्चे को हर मुश्किल से बचाते-बचाते अगर हम उसे जिम्मेदारी, इंडिपेंडेंस और गलती मानने की आदत से ही दूर कर दें, तो आगे चलकर वही प्यार उसके लिए मुश्किल बन सकता है।
बेटे को यह सिखाना जरूरी है कि—
वह खाना बना सकता है।वह घर साफ कर सकता है।
वह अपने कपड़े खुद संभाल सकता है।वह रो सकता है।
वह माफी मांग सकता है।वह अपनी गलती मान सकता है।
वह पत्नी की बराबरी कर सकता है।वह मां की बात से असहमत हो सकता है।
और सबसे जरूरी—वह अपनी जिंदगी की जिम्मेदारी खुद उठा सकता है।
क्योंकि असली परवरिश वह नहीं जिसमें बेटा जिंदगी भर “मां का राजा” बना रहे।
असली परवरिश वह है जिसमें बेटा बड़ा होकर एक जिम्मेदार बेटा, सम्मान करने वाला पति, समझदार पिता और बराबरी में विश्वास रखने वाला इंसान बने।
“मां का प्यार आंखों पर पट्टी नहीं, रास्ता दिखाने वाली रोशनी बने।”
“बेटे को हर गलती से बचाइए मत, गलती से सीखना सिखाइए।”

“बहू बेटे की देखभाल करने नहीं, उसके साथ जिंदगी बांटने आती है।”
और शायद सबसे जरूरी बात—
“बेटों को राजा बनाने से पहले इंसान बनाइए, क्योंकि घर में राजा नहीं—बराबरी चाहिए।”
राजा बेटा सिंड्रोम का इलाज किसी बहू के ज्यादा एडजस्ट करने में नहीं है। इसका जवाब है बेहतर परवरिश, बराबर जिम्मेदारी और सही–गलत के बीच साफ फर्क।
लाड़ दीजिए, लेकिन लाड़ में इंसाफ मत खोइए।
प्यार दीजिए, लेकिन प्यार में सही–गलत का फर्क मत मिटाइए।
और बेटे को खास बनाइए—दूसरों से ऊपर नहीं।
यह भी पढ़ें। Relationship & Emotions : Indian Society में साइलेंट और Hidden Male Supremacy