Coaching Centre Or Carrier Trap
आज की डेट में अगर किसी घर में 10 वीं या 12 वीं का स्टूडेंट है, तो वहां एक सवाल अक्सर हवा में तैरता रहता है —
“ अब आगे कोचिंग कौन-सी जॉइन करनी है ? ”
मानो पढ़ाई अब स्कूलों में नहीं, बल्कि बड़े-बड़े एयरकंडीशंड क्लासरूम और चमकदार होर्डिंग्स वाले कोचिंग सेंटर्स में ही होती हो। शहरों की दीवारों से लेकर मोबाइल स्क्रीन तक हर जगह टॉपर्स की मुस्कुराती तस्वीरें, 99 परसेंटाइल के दावे और “सेलेक्शन गारंटी” जैसे भारी भरकम लफ्ज ही दिखाई देते हैं। धीरे-धीरे इंडिया में कोचिंग सिर्फ स्टडीज का मीडियम ही नहीं रही, बल्कि एक ऐसा बिजनेस मॉडल बन चुकी है जिसमें हर साल लाखों नए स्टूडेंट शामिल होते जाते हैं। लाखों पेरेंटस अपनी सेविंग्स लगा देते हैं, औऱ बच्चे अपना बचपन और Mental Peace ।
क्या कोचिंग के बिना कॉम्पिटिशन क्रैक करना नहीं है पॉसिबल ..एक अधूरा सच
इंडिया में हमारी एजुकेशन सिस्टम के एकदम साथ साथ या कहा जाए कि उसके एकदम सामने एक पूरी की पूरी इंडस्ट्री खड़ी हो चुकी है — कोचिंग इंडस्ट्री। और लगातार हर दिन इसका बिजनेस बढता ही जा रहा है. हर साल लाखों स्टूडेंटस अपने सपनों के पीछे भागते हुए इन कोचिंग सेंटर्स का रुख करते हैं, जो उन्हें IIT-JEE, NEET, UPSC, SSC, बैंकिंग और न जाने कितने ही कॉम्पिटिशन के लिए तैयार करते हैं। लेकिन क्या यह तैयारी उन्हें उनके सपनों के करीब ले जाती है, या वो सब एक अनजान करियर ट्रैप में उलझते चले जाते हैं?
स्टूडेंट्स की ये एक नई नवेली बटालियन हर साल कोचिंग की भीड़ में दाखिल होती है — बिना यह सोचे कि वो कहाँ जा रही है, क्यों जा रही है, और किसकी दौड़ में शामिल हो रही है। जैसे ही बोर्ड रिज़ल्ट्स की तारीख पास आती है, उससे पहले ही ज्यादातर स्टूडेंटस किसी न किसी कोचिंग इंस्टीट्यूट में इनरोल हो चुके होते हैं — फिर चाहे वो ऑफलाइन हो या ऑनलाइन।
हर साल करीब 80% स्टूडेंट्स कोचिंग सेंटर्स की हाजिरी रजिस्टर में दर्ज हो जाते हैं। और नाम होता है — NEET, IIT-JEE, CLAT, UPSC SSC … ये सिर्फ एग्ज़ाम नहीं, आजकल एक ब्रांड बन चुके हैं। एक सपना, जो हर दूसरा बच्चा देखता है — या यूँ कहें, कि वो ये सपना देखने पर मजबूर किया जाता है।
ड्रीम्स ऑन सेल
कोचिंग सेंटर आमतौर पर बड़े-बड़े वादे करते हैं — 100% सेलेक्शन, टॉप रैंकर्स की गारंटी, एक्सक्लूसिव स्टडी मटेरियल, और एक्सपीरियंस फैकल्टी। कई सारे इंस्टीटयूट तो टॉपर्स को ‘हायर’ कर अपने एडवर्टिजमेंट के लिए इस्तेमाल करते हैं, जिससे बाकी स्टूडेंट इनफ्लूएंस होकर वहां एडमिशन ले लेते हैं।
लेकिन यहां आंकड़े तो कुछ और ही कहानी कहते हैं। ज्यादातर एस्पिरेंटस इन इंसटीटयूट से होकर गुजरते जरूर हैं, लेकिन इनमें सक्सेस फुल होने वालों की तादाद बेहद कम होती है। इसका मतलब यह नहीं कि स्टूडेंट उसके काबिल नही हैं, बल्कि यह एक मेसेज देता है कि हर किसी के लिए एक ही रास्ता नहीं हो सकता। सच यह है कि इन एग्ज़ाम्स के नाम पर जो सपने बेचे जाते हैं, वो अक्सर हकीकत से बहुत दूर होते हैं।
हर कोचिंग इंस्टीट्यूट अपने टॉपर्स की तस्वीरें बड़े-बड़े बैनर्स पर लगाकर दावा करता है — “ हमने बनाया टॉपर ! ” मगर
क्या कभी किसी ने उन बचे हुए 90% स्टूडेंटस की तस्वीरें देखीं हैं जो हर साल नाकामयाबी की इस भीड़ में गुम हो जाते हैं ?
सवाल ये नहीं कि कोचिंग गलत है
सवाल ये है कि क्या सभी बच्चों के लिए एक ही रास्ता सही है?
हर बच्चा डॉक्टर या इंजीनियर बनने के लिए पैदा नहीं हुआ है, मगर कोचिंग इंडस्ट्री ने एक ऐसी मेंटलिटी गढ़ दी है जहाँ लगता है कि अगर तुम NEET या JEE की तैयारी नहीं कर रहे हो, तो शायद तुम सीरियस ही नहीं हो। ये दबाव असल में एजुकेशन का नहीं, बल्कि एक करियर की ‘रेस’ का बोझ है — जिसमें न रुकने की इजाज़त है, न पीछे मुड़कर सोचने की।

क्या सच में बिना कोचिंग के कोई कॉम्पिटिशन क्रैक नहीं हो सकता?
या फिर यह आधा सच है, जिसे बार-बार इतना दोहराया गया कि अब वही पूरी सच्चाई लगने लगा है?
स्कूल से ज्यादा भरोसा कोचिंग पर क्यों?
हमारे एजुकेशन सिस्टम की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि स्कूल अब सिर्फ “ फ़ॉरमल एजुकेशन ” तक ही लिमिटेड हो गए हैं। असली तैयारी का भरोसा तो कोचिंग को दे दिया गया है।
कई पेरेंटस को लगता है कि अगर बच्चा कोचिंग नहीं जा रहा, तो वह पीछे रह जाएगा। खासकर IIT-JEE, NEET, UPSC जैसे एग्जाम्स के नाम सुनते ही एक बड़ा सा डर बैठ जाता है।
कोटा, दिल्ली, पटना, प्रयागराज और हैदराबाद जैसे शहर “ करियर की फैक्ट्री ” बन चुके हैं। यहां हर साल लाखों बच्चे पहुंचते हैं। कोई डॉक्टर बनने का सपना लेकर, कोई इंजीनियर बनने का। लेकिन इन सपनों के पीछे एक बहुत बड़ी सच्चाई छिपी होती है —
हर किसी का सिलेक्शन नहीं होता।
और यही वह हिस्सा है जिसके बारे में कोचिंग के वो लुभावने एडवरटिजमेंट कभी भी खुलकर बात नहीं करते।
सपनों का दबाव या सोसाइटी की रैट रेस?
इंडिया में करियर अक्सर बच्चे की पसंद से नहीं, सोसाइटी की एक्सपेक्टेशन से तय होता है।
“शर्मा जी का बेटा IIT में है…”
“उसकी बेटी NEET निकाल गई…”
“तुम भी UPSC की तैयारी कर लो…”
इन जुमलों ने न जाने कितने बच्चों की जिंदगी की डायरेक्शन ही बदलकर कर रख दी।
कई बार बच्चे खुद नहीं जानते कि उन्हें क्या बनना है, लेकिन कोचिंग में दाखिला ले लेते हैं क्योंकि सब वही कर रहे होते हैं। धीरे-धीरे पढ़ाई एक मकसद नहीं, बल्कि कम्पैरिजन की दौड़ बन जाती है।
सुबह 6 बजे की क्लास, रात तक टेस्ट सीरीज, हर हफ्ते रैंकिंग, हर महीने रिजल्ट…
और फिर शुरू होता है मेंटल प्रेशर।
कोचिंग सिर्फ पढ़ाई नहीं, एक इमोशनल मार्केट भी है
आज की कोचिंग इंडस्ट्री बहुत अच्छी तरह जानती है कि हमारी सोसाइटी में “सपना” सबसे ज्यादा बिकने वाली चीज है।
यहां एक मिडिल क्लास परिवार सोचता है —
“अगर बच्चा सिलेक्ट हो गया, तो जिंदगी बदल जाएगी।”
इसी उम्मीद पर लाखों रुपये फीस में खर्च किए जाते हैं। कई परिवार कर्ज तक ले लेते हैं। छोटे शहरों से बच्चे बड़े शहरों में भेजे जाते हैं जहां वे अकेलेपन, कॉम्पिटिशन और लगातार प्रेशर से जूझते हैं।
सोशल मीडिया पर टॉपर्स की कहानी बार बार दिखाई जाती है, लेकिन हजारों ऐसे स्टूडेटंस की कहानी कहीं नहीं दिखती जो सालों साल तैयारी के बाद भी खुद को नाकामयाब महसूस करने लगते हैं। और फिर किसी दूसरे अनजाम करियर की राह पकड़ने को मजबूर हो जाते हैं.

क्या बिना कोचिंग के कामयाबी मुमकिन नहीं ?
सच यह है कि कोचिंग मदद कर सकती है, लेकिन सक्सेस की गारंटी नहीं है।
हर साल ऐसे भी कई सारे स्टूडेंट भी कामयाब होते हैं जिन्होंने घर से पढ़ाई की, ऑनलाइन रिसोर्सेज का इस्तेमाल किया या सीमित गाइडेंस के साथ खुद ही तैयारी की।
आज इंटरनेट पर इतना कंटेंट मौजूद है कि जानकारी की कमी पहले जैसी नहीं रही। यूट्यूब, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, डिजिटल नोट्स और टेस्ट सीरीज ने पढ़ाई को काफी हद तक पहुंच में और अफॉर्डेबल बना दिया है।
लेकिन यहां एक और सच्चाई है —
हर स्टूडेंट सेल्फ-स्टडी के लिए मेंटली प्रिपेयर नहीं होता। कुछ लोगों को सही डॉयरेक्शन , डिसिप्लिन और कॉम्पिटिशन के माहौल की जरूरत होती है, जहां कोचिंग जरूरूी साबित हो सकती है।
प्रॉब्लम कोचिंग से नहीं, बल्कि उस सोच से है जिसमें उसे Compulsory बना दिया गया है।
असली प्रॉब्लम: करियर की लिमिटेड डेफनेशन
इंडियन सोसाइटी में आज भी “अच्छा करियर” कुछ चुनिंदा प्रोफेशन्स तक ही लिमिटेड माना जाता है — डॉक्टर, इंजीनियर और गवर्मेंट जॉब. लेकिन अब दुनिया बदल चुकी है।
आज डिजाइन, डिजिटल मार्केटिंग, डेटा साइंस, कंटेंट क्रिएशन, एनीमेशन, स्पोर्ट्स, साइकोलॉजी, स्किल बेस्ड स्टॉर्टअप्स जैसे सैकड़ों सेक्टर्स् मौजूद हैं। फिर भी ज्यादातर बच्चों को यही बताया जाता है कि अगर IIT या NEET नहीं निकला, तो जिंदगी खत्म है।
सोसाइटी में करियर की यही सोच सबसे खतरनाक ट्रैप है।
मेंटल हेल्थ : जिस पर सबसे कम बात होती है
कोचिंग कल्चर का सबसे गंभीर असर बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। लगातार कम्पैरिजन, टेस्ट का दबाव, घर की उम्मीदें और नाकामी का डर — ये सब मिलकर कई स्टूडेंटस को अंदर से तोड़ देते हैं। कुछ बच्चे अपनी Capacity से ज्यादा बोझ उठाने लगते हैं।
कुछ अपनी रुचि खो देते हैं। और कुछ धीरे-धीरे खुद को सिर्फ “रैंक” में बदलते हुए महसूस करते हैं।
दुख की बात यह है कि हमारे समाज में आज भी मानसिक थकान को “कमजोरी” समझा जाता है।
तो क्या कोचिंग गलत है?
नहीं।
कोचिंग गलत नहीं है।
गलत है उसका अंधानुकरण।
गलत है यह मान लेना कि हर बच्चे को एक ही रास्ते पर चलना चाहिए।
गलत है Success को सिर्फ एक Competition से जोड़ देना। कोचिंग एक मीडियम हो सकती है, मंजिल नहीं।
अगर सही जरूरत, सही मेंटलिटी और सही़ डॉयरेक्शन के साथ ली जाए, तो यह मददगार साबित हो सकती है। लेकिन अगर सिर्फ भीड़ देखकर या सामाजिक दबाव में ली जाए, तो वही कोचिंग धीरे-धीरे करियर ट्रैप बन जाती है।

आखिर में…
हर बच्चा IITian, Doctor या IAS नहीं बनेगा — और यह कोई Failure नहीं है। असल कामयाबी यह है कि कोई इंसान अपनी रुचि और मानसिक शांति के साथ आगे बढ़ पाए।हमें बच्चों को सिर्फ Competition के लिए नहीं, बल्कि जिंदगी के लिए तैयार करना होगा।
उन्हें यह समझाना होगा कि एक एग्जाम उनका पूरा फ्यूचर तय नहीं करती। क्योंकि सपनों का मतलब सिर्फ सिलेक्शन नहीं होता,
कभी-कभी सपनों का मतलब खुद को खोए बिना आगे बढ़ना भी होता है।