Men are Men
Men are Men;मर्दों वाली बात या सिर्फ़ बदइंतज़ामी, घर के काम को Gender Roles से कब आजाद करेंगे ।
हमारी सोसाइटी में कुछ बातें इतनी आम हैं कि हम उन्हें सवाल ही नहीं मानते। बस मान लेते हैं कि “मर्द ऐसे ही होते हैं।”
मर्द अपना कपड़ा उतारकर कहीं भी छोड़ सकता है।मोज़ा कहीं उतार दिया, जूता कहीं निकाल दिया, तौलिया बाथरूम से निकलते ही वहीं फेंक दिया। कपड़ा पहनकर बदला तो कुर्सी पर डाल दिया। किताब पढ़ी तो वहीं छोड़ दी। जहाँ बैठकर चाय पी, कप वहीं रह गया। खाना खाया तो प्लेट उठाकर सिंक तक ले जाना भी जैसे कोई उलझन है।बालकनी में कुर्सी लेकर गए तो कुर्सी वहीं। छत पर चाय पीने गए तो कप-प्लेट वहीं। किचन में कभी चाय बनाने की जहमत उठा ली तो चाय का डिब्बा खुला छोड़ दिया, चीनी का डिब्बा बाहर, चम्मच कहीं और और इस्तेमाल की हुई चीज़ें अपनी जगह पर वापस रखने का तो सवाल ही नहीं।
फिर आखिर में घर में एक औरत है ही , जो इन सबके पीछे-पीछे चलती है। कप उठाना है।प्लेट सिंक में रखनी है।कपड़ा समेटना है।मोज़े ढूँढ़ने हैं।तौलिया सुखाना है।बाथरूम में पानी पड़ा है तो वाइपर लगाना है।किचन ठीक करना है।कुर्सी वापस रखनी है।छत से कप-प्लेट नीचे लाने हैं। और जब कोई पूछता है कि “ये सब कौन करेगा?”
तो बहुत सीधा जवाब मिलता है—“अरे, घर का काम तो औरतें ही करती हैं।”

यही हमारे घरों का वह अनकहा सिस्टम है, जिसके बारे में कोई बैठक नहीं हुई, कोई रूलबुक नहीं बनी, किसी ने सिग्नेचर नहीं किए, फिर भी सबको पता है कि जिम्मेदारी किसकी है।
लेकिन ज़रा ठहरकर सोचिए—क्या सचमुच यह मर्दों वाली बात है ? नहीं। और क्या यह औरतों वाली बात है ? यह भी नहीं। यह दरअसल डिसिप्लिन की बात है।
घर में अपना इस्तेमाल किया हुआ सामान अपनी जगह पर रखना कोई “औरतों का काम” नहीं है। अपनी प्लेट उठाकर सिंक तक ले जाना कोई “मर्दानगी के खिलाफ़” नहीं है। बाथरूम से निकलने के बाद फर्श पर पानी पड़ा है तो वाइपर चला देना कोई जेंडर रोल नहीं है। यह बहुत नॉरमल सी सिविलिटी और डिसिप्लिन है।
यह भी पढ़ें। Relationship & Emotions : Indian Society में साइलेंट और Hidden Male Supremacy
मर्दानगी का मतलब क्या है ?
हमने मर्दानगी को भी कितनी अजीब चीज़ों से जोड़ दिया है।मर्द है तो वह घर के छोटे काम क्यों करे?
मर्द है तो उसे अपने पीछे चीज़ें समेटने की क्या जरूरत ? मर्द है तो खाना बनाना, कपड़े तह करना, बर्तन उठाना या घर साफ़ करना उसकी जिम्मेदारी क्यों होगी ? कई घरों में तो किसी मर्द का अपना गिलास उठाकर किचन में रख देना भी इतना खास माना जाता है कि उसकी तारीफ होने लगती है—“देखो, आज इन्होंने अपना कप खुद रख दिया!” लेकिन सवाल यह होना चाहिए कि इसमें तारीफ क्या है ?
क्या हम ऑफिस में भी अपना काम किसी दूसरे के डेस्क पर छोड़कर चले आते हैं ? क्या हम अपने जूते, फाइल्स, डॉक्यूमेंट्स और सामान हर जगह बिखेर देते हैं ? नहीं न। क्योंकि वहां हमें पता है कि हर काम का एक सिस्टम है। फिर घर में सिस्टम क्यों नहीं ?
क्योंकि घर में किसी और को ‘मैनेज’ करने के लिए छोड़ दिया गया है
हमारे घरों में एक अजीब सेटलमेंट है। एक इंसान चीज़ों को इस्तेमाल करता है और दूसरा उन्हें सिस्टम से रखता है।एक कप निकालता है, दूसरा वापस रखता है।एक कपड़ा उतारता है, दूसरा उठाता है।एक तौलिया फेंकता है, दूसरा सुखाता है।एक किचन में जाता है, कुछ बनाता है और वापस चला जाता है। दूसरा उसके पीछे जाकर देखता है कि गैस बंद है या नहीं, डिब्बे खुले हैं या नहीं, चम्मच कहाँ हैं और प्लेट कहाँ रखी है।यह सिर्फ़ काम का बंटवारा नहीं है। यह एक मेंटल प्रेशर है, एक बोझ है।क्योंकि जो इंसान घर को मैनेज रखता है, वह सिर्फ़ काम नहीं कर रहा होता। वह लगातार सोच भी रहा होता है—

तौलिया कहाँ सूख रहा है ? कपड़े धुले या नहीं ? कौन-सी चीज़ खत्म होने वाली है?
किसने क्या बाहर छोड़ दिया ? किचन ठीक है या नहीं ? कल क्या बनाना है? घर में क्या चाहिए?
और सबसे बड़ी बात—किसके पीछे कब जाना है ? यही वह हिस्सा है जिसे अक्सर “घर का काम” कहकर छोटा कर दिया जाता है।
“मैं पैसे कमाता हूँ” — क्या इससे बाकी जिम्मेदारियाँ खत्म हो जाती हैं ?
एक और बहुत पुरानी दलील है— “मैं कमाता हूँ। मैं अच्छी सैलरी लाता हूँ। घर का खर्च चलाता हूँ।”
बेशक, घर की फाइनेंशियल रेस्पॉंसिबिलिटी बेहद जरूरी है। पैसा कमाना फैमिली के लिए मेहनत और जिम्मेदारी का काम है। लेकिन क्या सैलरी आने के साथ इंसान की बाकी सिविल और घरेलू जिम्मेदारियाँ खत्म हो जाती हैं ?
अगर कोई इंसान अकेला रहता है, तो वह अपनी प्लेट खुद उठाता है। अपना कप खुद धोता है। कपड़े खुद संभालता है। अपना बाथरूम खुद साफ़ करता है। सामान अपनी जगह पर रखता है।तो शादी के बाद अचानक ये काम किसी दूसरे इंसान की जिम्मेदारी क्यों बन जाते हैं ?
अगर वाइफ घर में नहीं है, तो वही आदमी अपने जूते कहाँ रखेगा? खाना खाकर प्लेट कौन उठाएगा? तौलिया कौन सुखाएगा? कपड़े कौन संभालेगा? तब तो करना पड़ेगा।
इसका मतलब साफ़ है—सैलरी और डिसिप्लिन दो अलग चीज़ें हैं।
पैसा कमाना एक जिम्मेदारी है।लेकिन अपने पीछे फैली चीज़ें समेटना भी जिम्मेदारी है। घर होटल नहीं है । शायद सबसे बड़ी गलतफहमी यही है कि शादी के बाद घर एक ऐसी जगह बन जाता है जहाँ आपकी सारी छोटी-बड़ी जरूरतें कोई दूसरा अपने-आप संभालता रहेगा। आप आए, जूते उतारे—किसी ने रख दिए।कपड़े बदले—किसी ने उठा लिए। चाय पी—किसी ने कप धो दिया।खाना खाया—किसी ने प्लेट हटा दी।बाथरूम से निकले—किसी ने पानी साफ़ कर दिया। आपने कुछ बनाया—किसी ने पीछे की गंदगी साफ़ कर दी। लेकिन घर है, होटल नहीं । यह एक शेयरिंग स्पेस है। एक साझा जगह जिसका मतलब है कि वहाँ रहने वाले हर इँसान की उसमें जिम्मेदारी भी शेयर होगी।
किसी को परेशान करना भी ‘छोटी बात’ नहीं
कई बार कहा जाता है—“इतनी-सी बात पर इतना गुस्सा क्यों?”
लेकिन परेशानी एक कप से नहीं होती। परेशानी उस पैटर्न से होती है जिसमें कोई एक बार-बार अपना काम दूसरे के हिस्से में डालता रहता है।एक बार कप छोड़ दिया—कोई बात नहीं।एक बार मोज़ा पड़ा रह गया—चलो, कोई बात नहीं।एक दिन प्लेट नहीं उठाई—ठीक है। लेकिन अगर रोज़ यही हो तो सामने वाले को लगने लगता है कि “मेरे टाइम की कोई वैल्यू नहीं है।” आपका पाँच सेकंड का काम दूसरे के लिए पाँच मिनट बन सकता है।और जब यही पाँच मिनट दिन में दस बार हों, तो पूरा दिन किसी और के पीछे चीज़ें समेटने में निकल सकता है।इसलिए यह सिर्फ़ सफाई का मुद्दा नहीं है।यह रेस्पेक्ट का मुद्दा भी है।
औरत का काम ‘सिस्टम चलाना’ क्यों माना गया ?
हमने औरतों को घर का मैनेजर बना दिया।घर में क्या कहाँ रखा है—उन्हें पता होना चाहिए।
किसका कपड़ा कहाँ है—उन्हें पता होना चाहिए।किसकी चीज़ खत्म हो रही है—उन्हें पता होना चाहिए।
किस कमरे में क्या पड़ा है—उन्हें पता होना चाहिए।लेकिन जिस चीज़ को हम “घर संभालना” कहते हैं, उसके पीछे असल में घंटों की मेहनत, कंसट्रेशन और मेंटल एनर्जी छिपी होती है। और सबसे दिलचस्प बात यह है कि जब सिस्टम ठीक चलता है तो किसी को दिखाई नहीं देता। लेकिन जिस दिन खाना नहीं बना, कपड़े नहीं मिले, घर थोड़ा बिखरा हुआ दिखाई दिया—तुरंत सवाल आता है:
“आज घर का क्या हाल है?” यानी सिस्टम चलता रहे तो वह इनविजिबल है, और सिस्टम रुक जाए तो उसकी कमी तुरंत दिखाई देती है।

असली मर्दानगी शायद इसमें है ही नहीं
अगर किसी मर्द को साबित करने के लिए कि वह “मर्द” है, अपना कप उठाने से इनकार करना पड़े, तो फिर हमें मर्दानगी की डेफनेशन को दोबारा देखने की जरूरत है।अपनी चीज़ खुद संभाल लेना कमजोरी नहीं है। घर में हाथ बँटाना किसी एहसान का नाम नहीं है।अपनी गंदगी खुद साफ़ करना किसी पर उपकार नहीं है। और अपनी इस्तेमाल की हुई चीज़ को वापस उसकी जगह रखना तो किसी जेंडर की पहचान हो ही नहीं सकती।यह बस तहज़ीब है।यह अनुशासन है।यह दूसरे इंसान के टाइम और लेबर की कद्र है।और शायद रिश्तों में प्यार का एक बहुत साफ सुथरी शक्ल भी यही है कि आप जानबूझकर दूसरे का काम न बढ़ाएँ।
घर में ‘मर्द’ और ‘औरत’ नहीं, दो इंसान रहते हैं
हमें बच्चों को भी बचपन से यह सिखाने की जरूरत है कि घर कोई ऐसी जगह नहीं जहाँ आपकी चीज़ें कोई दूसरा उठाएगा। लड़का हो या लड़की—दोनों अपनी प्लेट उठाएँ।दोनों अपना कप रखें।दोनों कपड़े संभालें।दोनों अपने कमरे की जिम्मेदारी लें।दोनों किचन में जाएँ।दोनों सफाई करें। और दोनों यह समझें कि घर चलाना सिर्फ़ कमाने वाले की जिम्मेदारी नहीं और घर संभालना सिर्फ़ औरत की जिम्मेदारी नहीं।घर आखिरकार उन लोगों का है जो उसमें रहते हैं।
इसलिए अगली बार जब कोई कहे—“ये तो मर्दों वाली बात है”, तो शायद एक सवाल पूछा जा सकता है:
“नहीं, यह मर्दों वाली बात नहीं। यह डिसिप्लिन वाली बात है। और जो चीज़ आप इस्तेमाल करते हैं, उसे संभालना आपकी जिम्मेदारी है।”
क्योंकि कप उठाना, जूता जगह पर रखना, मोज़ा टोकरी में डालना, तौलिया सुखाना, बाथरूम में वाइपर लगाना या किचन को वैसा ही छोड़ना जैसा आपने पाया था—इनमें से किसी का रिलेशन मर्द होने या औरत होने से नहीं है। इनका कनेक्शन सिर्फ़ एक बात से है— आप अपने साथ रहने वाले इंसान की जिंदगी आसान कर रहे हैं या मुश्किल?
और शायद एक अच्छे रिश्ते की शुरुआत यहीं से होती है।न बड़ी-बड़ी बातें।न भारी-भरकम वादे।बस इतना कि—“जो काम मैं खुद कर सकता हूँ, उसके लिए मैं हर बार किसी दूसरे इंसान को क्यों बुलाऊँ?”
यही सवाल घर के बहुत सारे अनकहे रूल्स बदल सकता है।
यह भी पढ़ें । Raja Beta Syndrome : जब मां का blind love बेटे को राजा बेटा बना दे
