Scrolling World : A Trap
Real Vs Reel, : Reels: वो छलावा जो रियल लगता है
“रील्स” — एक लफ्ज़ जो अब सिर्फ कैमरे की रील नहीं रहा…
कभी रील का मतलब होता था हमारे कैमरे की वो काली पट्टी, जो हमारे हँसी-आँसू, हमारी भूली बिसरी मेमरीज और ज़िंदगी के बेहतरीन पल सहेज कर रखती थी। या फिर फ़िल्मों की दुनिया की एक छोटी मगर अहम यूनिट। जिसके बिना उस रंगीन पर्दे पर चलनी वाली फिल्में कभी हम तक पहुंचती ही नही.
मगर आज… आज की डेट में इस “रील” का पूरी तरह मतलब ही बदल चुका है।
अब रील का मतलब है —
एक मिनट की वो दुनिया जो स्क्रीन पर उंगली के हल्के से टच से खुल जाती है,
जो पल में हँसाती है,
पल में रुला देती है,
हमें अपनी जगह फ्रीज कर देती है
और अक्सर — हमें हमारे ही वक़्त से चुरा लेती है…

रील्स — उंगलियों की दुनिया, पर असर पूरे दिमाग पर
आज अगर कोई स्मार्टफोन यूजर है — या नहीं भी है —
तो भी रील्स की इस बेताबी और बेचैन करने वाली दुनिया से अनजान नहीं होगा।
बस एक बार उंगली स्क्रीन पर रुकी, और फिर…
एक रील से दूसरी, दूसरी से तीसरी… और फिर घंटों कब निकल जाते हैं, पता ही नहीं चलता।
कुछ के लिए यह सिर्फ टाइम पास है,
किसी के लिए टैलेंट दिखाने का प्लेटफॉर्म,
किसी के लिेए मशहूरियत पाने का एक रास्ता
और उसके के लिए तो — पूरे दिन की सांसें भी इसी पर टिकी होती हैं।
“60 सेकंड की रील”, मगर असर पूरे दिन का
आज एक मिनट की रील में कोई अपनी पूरी ज़िंदगी यानि अपनी लाइफलाइन शेयर करने का दावा करता है।
कभी कोई आपको 7 दिन में अमीर बनने का मंत्र देता है,
तो कोई 30 सेकंड में पराठे से लेकर पास्ता बनाना सिखा देता है।
और कुछ लोग तो बस उस एक मिनट में फैट टू फिट भी करा देते हैे
और हम…
देखते ही देखते, उस एक मिनट को अपनी लाइफ़ का फॉर्मूला मान बैठते हैं।
दिल तो मान लेता है कि —
“यही सच है!”
“ऐसा ही करना चाहिए!”
“बस, मेरी लाइफ भी अब सेट हो जाएगी!”
मगर… क्या वाकई?

जो दिखता है, वो होता नहीं…
कभी सोचा है —
वो एक मिनट की खूबसूरत वीडियो, जो किसी की लाइफ को बहुत परफेक्ट दिखा रही है —
वो एक मिनट बनाने में घंटों लगते हैं।
- जो रेसिपी 60 सेकंड में तैयार दिखती है, वो हकीकत में 2-3 घंटे का काम है।
- जो फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन एक मिनट में दिखता है, वो असल में कई हफ्तों या महीनों की मेहनत है।
- और जो लोग हर रील में बहुत खुश, कामयाब और परफेक्ट नजर आते हैं… शायद वो भी रील के बाद खालीपन में खो जाते हैं।
लेकिन हमारी आंखें, वो सच देखने की बजाय —
उस “परफेक्ट लाइफ” को असल समझ बैठती हैं।
मन पर कब्ज़ा, और उंगलियों से कंट्रोल
रील्स ने हमारी उंगलियों से शुरू होकर हमारे माइंड और सोच तक कब्ज़ा कर लिया है।
हम खुद ही वो बटन दबाते हैं —
फिर देखते जाते हैं,
हँसते हैं, चौंकते हैं, जलते हैं, कभी सोच में पड़ जाते हैं…
मगर रुकते नहीं।
और जब रील्स की ये न रूकनेवाली स्क्रॉलिंग खत्म होती है —
तो कई बार एक अजीब सा खालीपन मन में रह जाता है।
सोचते हैं —
“क्या देखा अभी? देखना ज़रूरी था क्या?”
हर रील नहीं होती जरूरी, हर स्क्रॉल नहीं होता सही
मगर हमें तो जो दिखाई देता है उस पल वही हम सच मान लेते हैं.एक मिनट में आंखों से गुजरनेवाला वो नजारा कितना अच्छा और इतना सच्चा लगने लगता है कि हम खुली आंखों से उस छलावे को हकीकत मान लेते हैं..
और फिर लग जाते हैं उस अंधी दौड़ में जिसकी कोई फिनिशिंग लाइन है ही नहीं.
कभी कभी तो इन आंखों के सामने ऐसी बेतुकी और फालतू की चीजें बस लाकर परोस दी जाती हैं जिनमें न ही कोई एंटरटेंनमेंट होता है , न कोई ह्यूमर और न ही कोई लॉजिक.बस एक साइंलेंट मोड में बैठी जेनरेशन है न जिसे वो सब सर्व कर दिया जाता है जिसकी जरूरत है भी या नहीं या फिर वो एंटरटेंनमेंट के इस इंसटेंट डोज की शक्ल में थोप दी जाती है.
जिनकी आंखों से गुजर जाने के बाद ये एहसास होता है कि आखिर ये क्या था जो अभी अभी हमने देखा या फिर हमने देखा ही क्यूं..तब जाकर ये फील होता है कि हां ये तो ट्रैप है जिसमें पहले तो माइंड आंखो के सामने से गुजरती अजीबोगरीब हरकतों से इफेक्ट होता है और ये अंगूठा अपने आप उन पर आगे बढता चला जाता है..
रील्स की इस दुनिया के आज सब गुलाम हैं. सबने अपना साइलेंट कनसेंट दे दिया है इन रील्स को कि ये जब चाहें जैसे चाहे इस जेनरेशन को ट्रिगर कर सकती हैं.मगर एक पल के लिए अपने स्मॉर्टफोन पर स्क्रॉल होती हुई इन उंगलियों को रोकना होगा और अपने माइंड में ये सोचना होगा कि क्या वाकई में हमें ऐसा कुछ देखना है या नहीं.
जो अगर न भी देखे तो क्या सच में हमारे हाथ से कुछ निकल जाएगा.या देखने के बाद सबकुछ इसी रील की तरह फिक्स् और सही हो जाएगा.

यह कोई ताज्जुब नहीं कि हम सब इस जाल के शिकार हैं — लेकिन फर्क इतना है कि हमें इसका एहसास तक नहीं।
हमने साइलेंटली एक मंजूरी दे दी है इस “रील कल्चर” को।
अब ये तय करता है कि हम कब हँसेंगे, क्या सोचेंगे और कितना समय बर्बाद करेंगे।
रुकिए… और खुद से पूछिए एक सवाल क्या वाकई हमें यह सब देखना है?
क्या अगर हमने कोई रील मिस कर दी, तो हमारा कुछ छूट जाएगा?
या
क्या वो 60 सेकंड वाकई हमारी ज़िंदगी बदल सकते हैं?
या ये सब बस एक Trap है… जो दिखता है पर होता नहीं?
🌱 रील्स से रियलिटी की तरफ लौटना…
रील्स बुरी नहीं है, मगर अति हर चीज़ की हानिकारक होती है।
कभी-कभी वो एक मिनट किसी अपनों के साथ बात करने में लगाएं,
कभी किताब पलटें,
कभी खुद से मिलें।
क्योंकि एक रील, एक पल के लिए हमें खुश कर सकती है —
मगर खुद से जुड़ाव ही है जो जिंदगी को सच्ची खुशी देता है।
आखिर में बस इतना कहेंगे…
“रील्स देखिए, मगर उनकी गिरफ्त में मत आइए।”
“60 सेकंड का सच, अक्सर 24 घंटे की मेहनत से बनता है।”
“जो रियल है, वही आखिर में काम आता है — क्योंकि रील, रील ही होती है।“